गोरखपुर में यूपी के पहले स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (एसआईएचएम) के लिए मानव संसाधन विकास प्रभाग ने अपनी मंजूरी देते हुए 16.50 करोड़ आवंटित कर दिए हैं। इसमें 10 करोड़ रुपये बिल्डिंग निर्माण, 2.50 करोड़ रुपये उपकरण खरीद और चार करोड़ रुपये हॉस्टल निर्माण के लिए आवंटित किए गए हैं। साथ ही विकास प्रभाग के उप महानिदेशक ने प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव और महाप्रबंधक पर्यटन एवं संस्कृति विभाग से जल्द इंस्टीट्यूट निर्माण के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर भेजने के अलावा राज्य सरकार को इंडियन होटल मैनेजमेंट (आईएचएम) सोसाइटी में इस इंस्टीट्यूट का पंजीकरण कराने को कहा है।
स्थानीय होटलों से होगा अनुबंध
इंस्टीट्यूट में 400 से अधिक छात्र-छात्राओं को पढ़ाने की व्यवस्था होगी। शहर के होटलों के साथ इस संस्थान का अनुबंध भी होगा। संस्थान में होटल मैनेजमेंट के क्षेत्र में डिप्लोमा से लेकर बैचलर एवं मास्टर डिग्री तक के पाठ्यक्रम संचालित होंगे। संस्थान में शिक्षकों और सभी कर्मचारियों की नियुक्ति नियमित होगी और सभी सरकारी पे रोल पर होंगे।