गोरखपुर में युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने और बेरोजगारों को रोजगार देने के उद्देश्य से जिले की 100 ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत खेल मैदान तैयार किए जाएंगे। हर ब्लॉक में पांच-पांच ग्राम पंचायतों का चयन कर वहां खेल मैदान तैयार किया जाएगा। 30 अक्तूबर तक काम पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। डीएम विजय किरन आनंद का कहना है कि खेल मैदान को विकसित करने से एक लाख 42 हजार मानव दिवसों का सृजन होगा।
ग्रामीण खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं के तहत चयनित ग्राम पंचायतों में खेल का मैदान विकसित करने के लिए सभी ब्लॉकों में लक्ष्य तय किया गया है। डीएम ने बताया कि खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) ब्लॉक में तैनात अवर अभियंता या तकनीकी सहायक से प्रस्ताव तैयार कराकर ग्राम पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत की कार्ययोजना में शामिल करते हुए 23 सितंबर तक उपायुक्त श्रम रोजगार को सूचना उपलब्ध करानी होगी । साथ ही इसका क्रियान्वयन भी कराना होगा।
कराया जाएगा प्रशिक्षण, उपायुक्त श्रम रोजगार योजना के नोडल होंगे
खेल मैदान विकास परियोजना के तहत सभी बीडीओ, अवर अभियंता, तकनीकी सहायक, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम भी कराया जाएगा। जिला स्तर पर इस योजना के लिए उपायुक्त श्रम रोजगार नोडल अधिकारी होंगे। खेल मैदान का काम शुरू होने, काम होते हुए तथा कार्य समाप्त होने के बाद फोटोग्राफ के साथ रिपोर्ट देनी होगी।