स्थायित्व एवं सुजलाम अभियान के अंतर्गत जिले की 1294 ग्राम पंचायतों में 2459 सामुदायिक कंपोस्ट पिट एवं 39347 व्यक्तिगत सोक पिट बनाए जाएंगे। इन कार्यों में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण एवं 15वें वित्त आयोग की धनराशि खर्च की जाएगी। मनरेगा निधि का इस्तेमाल मजदूरी के मद में किया जाएगा। इन योजनाओं से 1,86,896 लोगों को प्रत्यक्ष्य रोजगार मिलेगा।
अभियान के अंतर्गत 2459 सामुदायिक कंपोस्ट पिट पर प्रति पिट 15,000 रुपये के हिसाब से 3.70 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च होगी। 29508 लोगों को रोजगार मिलेगा। इसी तरह 39347 व्यक्तिगत सोक पिट बनाए जाएंगे। प्रति सोक पिट 11700 रुपये की धनराशि खर्च होगी। यानी 46.04 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च होगी, इनके निर्माण से 157388 लोगों को ग्राम स्तर पर रोजगार मिलेगा। दोनों योजनाओं को जोड़ दें तो 186896 लोगों को रोजगार मिलेगा। फिलहाल अब तक 250 कंपोस्ट पिट और 700 से अधिक व्यक्तिगत सोक पिट का निर्माण किया जा चुका है।
ग्राम पंचायतों में गंदे जल के प्रबंधन के लिए सोख्ता बनेगा
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण परियोजना समन्वयक बच्चा सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में गंदे जल के प्रबंधन के लिए सोख्ता गड्ढों का निर्माण किया जाएगा। सोख्ता गड्ढा एक ऐसी विधि है, जिसे घरेलू स्तर एवं सामुदायिक स्तर पर निर्माण कर गंदे जल का प्रबंधन तो किया ही जा सकता है। उसके साथ भूमिगत जल के स्तर को बढ़ाने में भी यह विधि कारगर सिद्ध होगी।
गोरखपुर डीएम विजय किरण आनंद ने कहा कि योजना का उद्देश्य गांव में जलभराव एवं वाटर रिचार्जिंग और बेहतर स्वच्छता प्रबंधन सुनिश्चित कराना है। इन कार्यों के लिए सभी पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान, सहायक विकास अधिकारी पंचायत एवं समस्त खंड विकास अधिकारियों को प्रशिक्षण मिल चुका है।