उत्तर प्रदेश के गोरखपुर व आसपास के जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मनीराम-पीपीगंज स्टेशनों के मध्य ट्रैक पर पानी भर गया है। पानी अधिक हो जाने के कारण गोरखपुर से पनवेल के लिए चलाई जा रही गोरखपुर पनवेल एक्सप्रेस (05065) को निर्धारित मार्ग आनंदनगर-बढ़नी-गोंडा के स्थान पर गोरखपुर-बस्ती-गोंडा के रास्ते चलाई जा रही है।
सामान्य से ज्यादा हो चुकी है बारिश
गोरखपुर और बस्ती मंडल में अबतक सामान्य से ज्यादा बारिश हो चुकी है। अभी अगस्त के बाकी बचे दिनों में भी झमाझम बारिश के ही आसार हैं। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि एक जून से एक अगस्त तक गोरखपुर, महराजगंज और देवरिया में सामान्य से ज्यादा बारिश हो चुकी थी। इस दौरान कुशीनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर जिले में सामान्य से कम बारिश हुई थी। लेकिन, एक अगस्त से 24 अगस्त के बीच इस जिले भी सामान्य से ज्यादा बारिश की श्रेणी में आ गए।
जिला वास्तविक वर्षा औसत वर्षा प्रतिशत (ज्यादा/कम)
गोरखपुर 940.0 293.3 +5
महराजगंज 1011.1 847.6 +19
देवरिया 784.8 635.7 +23
कुशीनगर 690.0 660.0 +5
बस्ती 685.5 608.9 +13
सिद्धार्थनगर 803.8 801.2 +0.2
संतकबीरनगर 826.3 752.0 +10
(बारिश मिलीमीटर में)