हत्यारोपी सेवानिवृत्त फौजी को पकड़ने वाले सम्मानित
हत्यारोपी सेवानिवृत्त फौजी को पकड़ने वाले वाहन स्टैंड के कर्मचारी व पुलिस कर्मियों को शनिवार को एडीजी अखिल कुमार ने सम्मानित किया। शुक्रवार को दीवानी कचहरी के बाहर पार्किंग में दुष्कर्म अभियुक्त दिलशाद की हत्या की गई थी। घटना के बाद ही आरोपित को पकड़ लिया गया था।
जानकारी के मुताबिक, हत्या के बाद हाथ में पिस्टल लिए आरोपित को पकड़ना इतना आसान नहीं था। ऐसे में कचहरी के पार्किंग स्टैंड कर्मचारी कन्हैया की मदद से पुलिस ने पकड़ा था। शनिवार को एडीजी जोन अखिल कुमार ने साइकिल स्टैंड के कर्मचारी कन्हैयालाल गौड़, आंबेडकर चौराहे पर ट्रैफिक ड्यूटी में मौजूद हेड कांस्टेबल विनोद कुमार, होमगार्ड सुरेश चौरसिया और पीआरडी राजू यादव को जोन कार्यालय में बुलाया और प्रशस्ति-पत्र देकर उन्हें सम्मानित किया। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने शुक्रवार को ही इन्हें सम्मानित करने का फैसला लिया था। वह भी प्रशस्ती पत्र देंगे।