गोरखपुर में निशुल्क राशन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार यानी आज अन्न उत्सव का वर्चुअल शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत गोरखपुर जिले की 1895 उचित दर दुकानों से 8,10,237 अंत्योदय और पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों को अगस्त माह का पांच किलोग्राम खाद्यान्न निशुल्क बांटने की शुरुआत होगी। प्रधानमंत्री से ऑनलाइन वार्ता करने के लिए जिले की पांच कोटे की दुकानें भी सजाई गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या से इस कार्यक्रम में वर्चुअल जुड़ेंगे।
अन्न उत्सव की तैयारियां प्रशासन व पूर्ति विभाग ने व्यापक स्तर पर की हैं। उत्सव के दौरान कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए सभी कोटे की दुकानों पर सौ लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री का संबोधन अधिक से अधिक लोग सुन सकें, इसके लिए दुकानों पर टीवी की भी व्यवस्था की गई है।
लाभार्थियों को पांच किलोग्राम प्रति यूनिट की दर से खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से जारी किए गए झोलों में खाद्यान्न वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए हर कोटे की दुकान पर नोडल अफसर तैनात किए गए हैं। शासन ने अपर मुख्य सचिव चीनी उद्योग संजय आर भूसरेड्डी को गोरखपुर का नोडल अफसर तैनात किया है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की दुकानों को सजाया गया है।