अच्छे कार्य करने वाले ग्राम प्रधान होंगे सम्मानित
गोरखपुर। ग्राम प्रधान अपनी ग्राम पंचायत के विकास के लिए नई योजनाएं बनाएं, उनके क्रियान्वयन में पूरा सहयोग किया जाएगा। अच्छा कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों को सम्मानित भी किया जाएगा। ये बातें कार्यशाला में ग्राम प्रधानों को संबोधित करते हुए डीएम विजय किरन आनंद कहीं। योगीराज बाबा गंभीर नाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र में सोमवार को जनपद के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान बांसगांव, बड़हलगंज, बेलघाट, भटहट, ब्रह्मपुर, कैंपियरगंज, चरगावां, गगहा, गोला और जंगल कौड़िया ब्लॉक की 659 ग्राम प्रधानों को ग्राम पंचायतों में संचालित समस्त योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में डीएम विजय किरन आनंद ने ग्राम प्रधानों से कहा कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। यदि किसी योजना अथवा विभाग में किसी भी प्रकार की कोई कमी पाई जाती है तो तत्काल प्रभाव से संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई भी की जाएगी। ग्राम पंचायतों में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजना के द्वितीय फेज में सोखता गड्ढे और कंपोस्ट पिट का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाना है, जिम्मेदारी ग्राम प्रधानों को दी गई।
पांच दिवसीय रात्रि चौपाल का होगा आयोजन
गांव में सॉलिड लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए बनाई जा रही कार्य योजना पर ग्राम पंचायतों में पांच दिवसीय रात्रि चौपाल का आयोजन होगा। इसमें जनपद स्तरीय अधिकारी भी शामिल होंगे। डीएम भी शाम चार बजे क्षेत्रीय भ्रमण कर इससे संबंधित जानकारी लेंगे। इसके अलावा ग्राम पंचायतों के विकास के लिए स्थानीय स्तर पर योजनाएं कैसे बनाई जाएं, इस पर जनता के बीच बैठकर विचार विमर्श होगा।