एक साथ मिले तीनों लापता मासूम।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सहजनवां इलाके से गायब हुए तीन बच्चे बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने इन्हें 48 घंटे में बरामद कर लिया है। परिवार के लोगों से बच्चों की पहचान कराने के बाद पुलिस ने बच्चों को परिजनों को सौंप दिया। तीनों बच्चे गीडा इलाके के ग्राम देईपार में एक दुकान के उद्घाटन समारोह के दौरान खड़े मिले। पुलिस ने नाम पता पूछने के बाद तीनों को सकुशल बरामद कर लिया।
बता दें कि गांव से गीडा के खैरेला गांव निवासी सूर्य बहादुर थापा का बेटा दीपक थापा (13) सहजनवां के लुचुई निवासी गिरीश धर द्विवेदी का बेटा रुद्र उर्फ छोटू (12) और उसका भाई सिद्धार्थ (11) गायब हो थे। जानकारी के मुताबिक, दीपक मंगलवार की सुबह ग्यारह बजे सहजनवां के वार्ड नंबर 14 लुचुई निवासी दो दोस्तों के पास गया था। यहां से तीनों बच्चे साथ में खेलने के लिए घर से निकले थे। शाम तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने तीनों की तलाश की तो कहीं कोई पता नहीं चला।
दोनों ही परिवार के लोगों ने सगे संबंधित, रिश्तेदार और आसपास तलाश करने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने 48 घंटे के अंदर तीनों को सकुशल बरामद कर लिया।