जलभराव से परेशान लोगों ने किया प्रदर्शन।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले के वार्ड संख्या 70 नकहा नंबर एक के विभिन्न इलाकों में जलभराव से परेशान लोगों ने गोरखनाथ-स्पोर्ट्स कॉलेज रोड स्थित नकहा पुल पर सड़क जाम कर दिया। रविवार सुबह करीब दो घंटे तक सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लगी रही। नगर निगम के अधिकारियों और पुलिस के मान-मनौव्वल के बाद जाम खत्म हुआ।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था किकरीब डेढ़ महीने से नकहा नंबर एक चमनगंज, रामजानकी नगर, यादव टोला, गायत्रीपुरम समेत पूरे वार्ड में बारिश का पानी भरा हुआ है। ज्योत्सना ने बताया कि पिछले एक महीने से कॉलोनी में पानी लगने की शिकायत नगर निगम के अधिकारियों से की गई लेकिन समुचित इंतजाम नहीं हुआ। बजरंगी दुबे ने बताया कि शुरुआत में नगर निगम ने पानी निकालने के लिए प्रयास किया, लेकिन अब कोई इस ओर ध्यान ही नहीं दे रहा।
पुलिस द्वारा जानकारी दिए जाने के बाद नगर निगम के अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। स्थिति सामान्य नहीं होने रक जेई ने नगर आयुक्त अविनाश सिंह से वार्ता कराई। इसके बाद जेई ने एक सप्ताह के अंदर कॉलोनी से पानी निकलवाने का आश्वासन दिया जिसके बाद रोड जाम खत्म हुआ।
नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने बताया कि नकहा में रेलवे लाइन के दोहरीकरण के कारण आसपास भरे पानी का निकास दो पंप लगाकर कराया जा रहा था, लेकिन रेलवे द्वारा कराए जा रहे कार्यों के कारण पानी का निकास समुचित रूप से नहीं हो पा रहा है। एक अतिरिक्त पंप और लगाकर पानी निकासी की व्यवस्था को तेज कराया गया है।