गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर गुटखा व प्रतिबंधित पानी की बोतलें बेचते अवैध वेंडर।
- फोटो : अमर उजाला।
रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर खुलेआम पान-गुटखा बिक रहा है। यही नहीं, रेल नीर की जगह रेलवे की ओर से प्रतिबंधित ब्रांड वाली पानी की बोतलें भी बेची जा रही हैं।
रेलवे प्रशासन ने परिसर में पान-गुटखा की बिक्री पर प्रतिबंध लगा रखा है। लेकिन, यह मुंबई, यशवंतपुर और बेंगलूरु जाने वाली ट्रेनों में बेरोकटोक बेचा जा रहा है। प्लेटफॉर्म पर भी यह आसानी से उपलब्ध है। मंगलवार को गोरखपुर से यशवंतपुर जाने वाली कोचीन एक्सप्रेस में कई अवैध वेंडर प्रतिबंधित पानी की बोतलें भी बेचते नजर आए। कुछ महिलाएं और लड़कियां गुटखा बेचते दिखीं। यात्री गुटखा खाकर रैपर प्लेटफॉर्म पर ही फेंक दे रहे थे।
अवैध वेंडर बाहर से लाकर पानी की बोतलें बेच रहे हैं। इससे पानी की गुणवत्ता पर तो सवाल है ही, रेलवे को राजस्व का भी नुकसान हो रहा है। रेलवे प्रशासन ने सभी प्लेटफॉर्म पर वाणिज्य इंस्पेक्टर तैनात किए हैं। आरपीएफ के जवान भी मुस्तैद रहते हैं, लेकिन अवैध बिक्री को रोकने के लिए कोई पहल नहीं की जाती है।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने कहा कि अवैध वेंडिंग के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को भी 50 पानी की बोतलें पकड़ी गई हैं। इस अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।