गोरखपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार में शुक्रवार की रात में लगे जाम के दौरान ड्यूटी से चौकी प्रभारी के नदारद रहने का मामला एसएसपी तक पहुंच गया। थानेदार की रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने चौकी इंचार्ज संजय सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है।
चर्चा है कि रात में जब एसओ ने चौकी इंचार्ज को फोन कर चौराहे पर जाम लगने की सूचना देते हुए कार्रवाई के लिए निर्देशित किया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की रात में पादरी बाजार चौराहे पर जाम लगा था। इसके चलते गोरखपुर-पिपराइच, जेल रोड, खजांची रोड व गीता वाटिका रोड पर आवागमन ठप हो गया। कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर एसओ शाहपुर संजय सिंह ने चौकी प्रभारी पादरी बाजार संजय सिंह को फोन कर लोकेशन पूछी।
जाम लगने की जानकारी देते हुए एसओ ने चौकी इंचार्ज को मौके पर जाने के लिए कहा तो उन्होंने मना कर दिया। इसको लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। थानेदार ने मामले की जानकारी एसएसपी डॉ. विपिन ताडा, एसपी सिटी सोनम कुमार व सीओ गोरखनाथ को दी।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि अनुशासनहीनता करने वाले पादरी बाजार चौकी प्रभारी संजय सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। सीओ गोरखनाथ को विभागीय जांच सौंपी गई है।