गोरखपुर के बड़हलगंज इलाके के छपिया उमराव चौराहे पर किराए के कमरे में रहने वाले आर्केस्ट्रा पार्टी संचालक अमित मिश्रा (35) की मौत हो गई। आशंका है कि जहर से उसकी मौत हुई है। जहर उसने खुद खाया या खिलाया गया, इसकी जांच में पुलिस जुटी है। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, देवरिया जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के मठिया निवासी अमित मिश्र छपिया उमराव चौराहे पर किराए के मकान में रहकर आर्केस्ट्रा पार्टी का संचालन करते थे। उनके साथ एक महिला रहती थी, जिसे वह पत्नी बताते थे। जबकि घरवालों का कहना है कि उनकी शादी नहीं हुई थी।
बृहस्पतिवार की रात में अमित की तबीयत खराब हो गई। आनन-फानन साथ रहने वाली महिला व अन्य लोग उन्हें लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, साथ में रहने वाली महिला ने बताया कि अमित कर्ज से डूबे हुए थे। अक्सर वह अवसाद में रहते थे। बृहस्पतिवार की शाम चार बजे तनावग्रस्त होकर जहर खा लिए थे। महिला व आर्केस्ट्रा पार्टी के सदस्यों ने इसकी सूचना मृतक के घरवालों को दी। शुक्रवार को सुबह मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनों का कहना है कि अभी अमित की शादी नहीं हुई थी।
इस संबंध में इंस्पेक्टर उमेश कुमार वाजपेयी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।