गोरखपुर जिले के गुवाहाटी से ट्रक से कानपुर जा रही करीब 34 लाख रुपये की सुपारी सोमवार को संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद कस्बे में फोरलेन के किनारे पकड़ी गई। कानपुर की एक फर्जी कंपनी के नाम से लगातार गुवाहाटी से सुपारी की खेप मंगाई जा रही है। वाणिज्य कर विभाग के गोरखपुर की सचल दल इकाई प्रथम व बस्ती सचल दल ने संयुक्त रूप से ट्रक को पकड़ा।
करीब 10 दिन पहले गीडा के कालेसर प्वाइंट पर चेकिंग के दौरान वाणिज्य कर विभाग के सचल दल ने एक ट्रक सुपारी पकड़ी थी। वह माल गुवाहाटी से कानपुर जा रहा था। इसकी सूचना कानपुर के वाणिज्य कर विभाग को भी दी गई। संबंधित फर्म को नोटिस भेजकर अभिलेख तलब किए गए। छानबीन में पता चला कि कानपुर की फर्जी घोषित फर्म तिरुपति ट्रेडर्स के नाम से भी सुपारी की खेप मंगाई जा रही है। उस सूचना के आधार पर बीते शुक्रवार को एक ट्रक को बस्ती जिले में वहां के सचल दल ने पकड़ा था। अब सोमवार को फिर एक ट्रक पकड़ा गया।
एडिशनल कमिश्नर ग्रेड टू एसआईबी राजेश सिंह ने कहा कि कानपुर के तिरुपति ट्रेडर्स के नाम से गुवाहाटी से सुपारी की खेप मंगाई जा रही है। सोमवार को पकड़े गए सामान की कीमत 33,95,700 रुपये है। इससे पहले पकड़े गए माल की कीमत 34,98,000 थी। जिस फर्म के नाम से माल मंगाया जा रहा है वह फर्म ही फर्जी है। ई-बिल की ट्रैकिंग के जरिए माल पकड़ा गया है। इसके वास्तविक मालिक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।