अब स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के आवेदकों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। संभागीय परिवहन विभाग ने स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के स्लॉट की संख्या 120 से बढ़ाकर 245 कर दी है। अस्थायी ड्राइविंग लाइसेंस की व्यवस्था पूरी तरह से ऑनलाइन होने के बाद विभाग ने आवेदकों की सहूलियत के लिए ये कदम उठाया है।
पहले अस्थायी ड्राइविंग लाइसेंस की व्यवस्था पूरी तरह से ऑफलाइन थी और इसके लिए 320 स्लॉट निर्धारित थे। आवेदन के बाद अभ्यर्थी को मिलने वाली तारीख पर कार्यालय पहुंचकर टेस्ट देना होता था। टेस्ट पास होने पर उसका अस्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बनता था। लेकिन, अब व्यवस्था पूरी तरह से बदल गई है।
अस्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए स्लॉट की बाध्यता को समाप्त करते हुए विभाग ने पूरी व्यवस्था को ऑनलाइन कर दिया है। अब अस्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए असीमित आवेदन हो सकते हैं। पहले स्थायी लाइसेंस के स्लॉट की संख्या कम होने से आवेदकों को कई महीने आगे की तारीख मिल रही थी।
ऐसे में अस्थायी लाइसेंस के लिए समय सीमा समाप्त हो जाने से अभ्यर्थियों के स्थायी लाइसेंस नहीं बन पा रहे थे। लाइसेंस के आवदेकों की लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए संभागीय परिवहन विभाग ने स्थायी लाइसेंस के स्लॉट की संख्या 120 से बढ़ाकर 245 कर दी है। ताकि आवेदकों के स्थायी लाइसेंस समय से बन सकें।
आरटीओ आरआई राघव कुशवाहा ने कहा कि स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के स्लॉट की संख्या 120 से बढ़ाकर 245 कर दी गई है। अब आवेदक जिस दिन आवेदन करेगा उसे उसी दिन की तारीख मिल जाएगी।