गोरखपुर में तीन साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद एडीजी दावा शेरपा के तबादले के बाद शनिवार को नवागत एडीजी जोन अखिल कुमार ने पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था के सुधार पर फोकस करने और जनता को न्याय दिलाने की बात कही।
पत्रकारों से बातचीत में एडीजी अखिल कुमार ने कहा कि पूरी कोशिश होगी कि जनता से जुड़ी समस्याओं का त्वारित समाधान कर उन्हें न्याय दिलाया जा सके। इसके लिए उनसे जनसंवाद भी स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा सुरक्षा के लिहाज से नेपाल और बिहार बॉर्डर पर लगी सुरक्षा की समीक्षा कर जहां जरूरत हुई उसे और सख्त किया जाएगा। यहां पर इंटेलीजेंस को सक्रिय कर नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।
एडीजी अखिल कुमार ने कहा कि गोरखनाथ मंदिर के साथ ही गोरखपुर व कुशीनगर अंतराष्ट्रीय एयरपोर्ट की सुरक्षा- व्यवस्था की समीक्षा कर कमियों का दूर करेंगे। मूलरूप से बिहार के बेगूसराय निवासी वर्ष 1994 बैच के आइपीएस अधिकारी अखिल कुमार लखनऊ, गाजियाबाद, अलीगढ़, देवरिया, गाजीपुर, कानपुर देहात, कन्नौज, अमरोहा में एसएसपी/एसपी रहे हैं।
2010 में डीआइजी मेरठ बने, वहीं से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर चले गए। विदेश व जल संसाधन मंत्रालय में सेवा देने के बाद पिछले माह वापस लौटे। इस दौरान वह अमेरिका के कोलंबिया में मास्टर डिग्री भी हासिल करने को गए थे।
शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए अखिल कुमार ने बताया कि बतौर एडीजी जोन उनका पहला कार्यकाल है। देवरिया में एसपी रहे हैं, क्षेत्र की समस्या से पूरी तरह से वाकिफ हैं। जिले व थाने के टॉप टेन अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ ही उनकी संपत्ति जब्त कराई जाएगी।