गोरखपुर। यूजीसी की ओर से नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट जून में प्रस्तावित है। इसके लिए दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के काफी विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। विद्यार्थियों की तैयारी बेहतर हो सके, इसके लिए विश्वविद्यालय ऑनलाइन क्लास आयोजित करने जा रहा है। इसमें वह विषय से जुड़े डाउट पर अपने शिक्षकों संग चर्चा कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय में इस समय ग्रीष्मकालीन अवकाश चल रहा है। ऐसे में सभी विभाग परीक्षा से पहले तीन दिनों तक ऑनलाइन क्लास आयोजित करेंगे। यह क्लास चार-चार घंटे चलेगी, जिसमें विद्यार्थी विषय विशेषज्ञों से रूबरू हो सकेंगे। विश्वविद्यालय के दो हजार से अधिक विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे।
इसके पहले भी दिसंबर वाली परीक्षा में कुलपति प्रो. पूनम टंडन के निर्देशन में विभागवार कक्षाओं का संचालन किया गया था। इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी जुड़े और परीक्षा में उसका लाभ मिला। ग्रीष्मकालीन अवकाश के चलते इस बार इसे ऑनलाइन माध्यम से चलाया जाएगा।