गोरखपुर जिले के भटहट इलाके के जमुनिया गांव में बुधवार की रात मां दुर्गा की प्रतिमा का पट खोलने के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर प्रधान और पूर्व बीडीसी समर्थकों में विवाद हो गया। दोनों पक्ष के बीच देखते ही देखते मारपीट हो गई और छह लोग जख्मी हो गए। एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। उधर, गांव में तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, जमुनिया गांव में बुधवार की रात लगभग 8 बजे गांव के बाहर दुर्गा पूजा पंडाल में पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा प्रधान समर्थकों में चुनावी मुद्दों को लेकर बहस छिड़ गई। बहस के बाद दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। दोनों पक्ष में पहले से ही चुनावी रंजिश है।
आरोप है कि प्रधान पक्ष के दर्जनों समर्थक मौके पर मौजूद थे। लोगों ने घर तक दौड़ा दौड़ा कर लाठी डंडों से मारा-पीटा। मारपीट में रामनयन शर्मा, विनय विश्वकर्मा ,पवन गुप्ता, विवेकानंद शर्मा, कमलशंकर मिश्रा घायल हो गए। गम्भीर रूप से घायल रामनयन शर्मा को एंबुलेंस की मदद से भटहट सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। इस संबंध में गुलरिहा थानेदार विनोद अग्निहोत्री का कहना है कि मारपीट की घटना हुई है। गांव में पुलिस बल मौजूद है।