दूसरी बार कोरोना मुक्त हो चुके गोरखपुर में निगरानी समितियां अब लोगों को जीका वायरस के प्रति भी जागरूक करेंगी। जिले के कोरोना मुक्त होने पर सीएम ने बधाई देते हुए इस स्थिति को बरकरार रखने का निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिया था। इसी क्रम में सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने निगरानी समितियों को एक्टिव रहने को कहा है।
सीएमओ ने निर्देश दिया गया है कि कोविड टीकाकरण, जीका वायरस और डेंगू-मलेरिया के प्रति लोगों को जागरूक करें। बाहर से आने वाले लोगों पर निगाह रखते हुए जरूरत के मुताबिक उनकी जांच कराएं। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. एके चौधरी ने बताया कि जनपद में 1502 निगरानी समितियां हैं। इन समितियों को 25 किट के हिसाब से 37500 मेडिकल किट दी गईं हैं।
जारी रहेगा टीकाकरण, अलर्ट पर एंबुलेंस
सीएमओ ने बताया कि छठ और अन्य त्योहारों में भी टीकाकरण सहित स्वास्थ्य विभाग की सभी गतिविधियां चलती रहेंगी। लोगों की मदद के लिए 102 और 108 नंबर एंबुलेंस को अलर्ट पर रखा गया है। कोविड टीकाकरण का कार्य भी जारी रहेगा।