गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र ग्राम सभा बेला के पास रविवार की रात में करीब एक बजे बंधे पर पिकअप पलटने से नीचे दबकर एक युवक की मौत हो गई। दूसरे युवक को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार घासी कटरा निवासी घनश्याम गुप्ता का पिकअप ड्राइबर रविवार को कुछ सामान लेकर खलीलाबाद गया था। माल उतारकर रात में गोरखपुर लौट रहा था। कालेसर जीरो प्वांइट से फोरलेन पकड़ कर बेला गांव के पास से डोमिनगढ़ जाने वाली सड़क पर जा रहा था।
इसी दौरान बेला गांव के पास रविवार की रात में लगभग एक बजे पिकअप पलट जाने से जितेंद्र यादव (19) निवासी बसंतपुर नरकटिया थाना राजघाट गोरखपुर की दबकर मौत हो गई। गाड़ी में बैठा चांद मोहम्मद निवासी इलाही बाग भी चोटिल हो गया।
कुछ देर बाद होश आने पर गाड़ी मालिक व मृतक के परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने डॉयल 112 नंबर को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया गया।