गोरखपुर जोन में खराब चरित्र और आचरण वाले पुलिसकर्मियों की सूची बनेगी और उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। जोन के सभी एसएसपी-एसपी से एडीजी ने ऐसे पुलिसकर्मियों के नाम मांगे हैं। एडीजी ने आम लोगों से भी अपील की है कि अगर उन्हें किसी दागी पुलिस वाले की जानकारी हो तो उनके सीयूजी नंबर
9454400141 पर व्हाट्सएप कर गोपनीय सूचना दे सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक, होटल में चेकिंग करने गए इंस्पेक्टर रहे जेएन सिंह, अक्षय मिश्रा समेत छह पुलिस वाले गए थे। आरोप है कि पुलिस वालों की पिटाई से कारोबारी मनीष की मौत हो गई थी। छह पुलिस वालों के फंसने के बाद से पुलिस पर कई सवाल उठ गए हैं। इसके बाद ही जिला महिला अस्पताल की संविदा कर्मचारी शहाना की मौत में एक दरोगा राजेंद्र सिंह जेल गए। दोनों घटनाओं से गोरखपुर पुलिस पर कई सवाल खड़े हुए है।
इसे देखते हुए एडीजी ने बदनाम पुलिस वालों की सूची तैयार करने का आदेश दिया है। उनकी मंशा है कि पहले से ऐसे पुलिस वालों को चिह्नित कर जांच कराकर कार्रवाई कर दी जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं से पुलिस विभाग की बदनामी ना होने पाए।
एडीजी अखिल कुमार ने कहा कि दागी पुलिस वालों की सूची तैयार की जा रही है। आम लोग भी दुर्व्यवहार, वसूली करने वाले पुलिस वालों की जानकारी सीयूजी नंबर
9454400141 पर व्हाट्सएप भेजकर दे सकते हैं। उनके नाम को गोपनीय रखा जाएगा।