उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले के धनघटा क्षेत्र के गायघाट दक्षिणी गांव निवासी देवमन की हत्या के आरोपी रामलाल की मंगलवार को ही शादी होनी थी। उसके सिर पर सेहरा बंधता इससे पहले अपनी करतूत की वजह से उसे जेल जाना पड़ा। इधर वधू पक्ष के लोगों ने शादी की तैयारी पूरी कर ली थी। दामाद के जेल जाने की खबर से लोग अवाक रह गए और उनकी तैयारी धरी की धरी रह गई।
बता दें कि मछली विक्रेता 50 वर्षीय देवमन निषाद की रविवार को मारपीट कर उस समय हत्या कर दी गई थी, जब वह सोखैती के दौरान बेटे से हो रहे विवाद में बीच बचाव करने गया था। देवमन की हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी मोरना देवी ने गांव निवासी रामलाल, विफन, बहादुर पुत्र श्यामपति तीनों सगे भाइयों समेत नौ के विरुद्ध केस दर्ज कराया था।
इसमें शामिल आरोपी रामलाल की शादी मंगलवार को धनघटा क्षेत्र के पारासीर गांव में होनी तय थी, लेकिन पुलिस ने रामलाल समेत पांच लोगों को मंगलवार की सुबह गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। उधर लड़की पक्ष के लोग बेटी की शादी की तैयारी में जुटे थे। जब उन्हें पता चला कि दामाद कत्ल का आरोपी बन गया तो उनके पांव तले से जमीन खिसक गई।
गांव वालों का कहना है कि मामूली विवाद में इतनी बड़ी घटना को अंजाम रामलाल व उसके परिजनों ने दे दिया जो अकल्पनीय था। एसओ रोहित प्रसाद ने बताया कि आरोपी रामलाल की 15 जून को ही शादी होनी थी, लेकिन उसके समेत पांच लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।