गोरखनाथ मंदिर में विकास कार्यों एवं खिचड़ी मेले की तैयारी बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मेले तक आचार संहिता लागू हो जाने की उम्मीद है। ऐसे में पूरे मेले की तैयारी आचार संहिता को ध्यान में रखकर की जाए। उन्होंने जिले में निर्माणाधीन फोरलेन समेत सभी विकास कार्य समय से पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की भी तैयारियों के बारे में जानकारी ली। प्रधानमंत्री के यहां सात या आठ दिसंबर को आने की उम्मीद है। वह खाद कारखाना और एम्स का लोकार्पण करेंगे। बैठक में कारखाने और एम्स, दोनों के अफसरों ने प्रगति की जानकारी दी। एचयूआरएल के अधिकारियों ने बताया कि कारखाना लोकार्पण के लिए तैयार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मकर संक्रांति इस बार 15 जनवरी को मनाई जाएगी। लोक आस्था के इस पर्व पर गोरखनाथ मंदिर में लाखों की संख्या में श्रद्धालु देश भर से शिवावतारी गुरु गोरक्षनाथ को श्रद्धा की खिचड़ी चढ़ाने के लिए आते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुख-सुविधा का ध्यान रखना हम सब की नैतिक जिम्मेदारी है। एक जनवरी तक हर हाल में सभी संबंधित विभाग मेले के मद्देनजर अपनी तैयारियां पूर्ण कर लें। अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुनिश्चित करें कि मेले में प्रतिबंधित पॉलिथीन का इस्तेमाल न हो।
उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में लगने वाली दुकानों, श्रद्धालुओं को भी अभियान चला कर पहले से ही जागरूक किया जाए। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को ठंड में कोई दिक्कत न हो इसका भी पूरा ध्यान रखा जाए। उनके ठहरने और बिस्तर आदि का पूरा प्रबंध किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे और बस स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रखे जाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। संबंधित सड़कों को दुरुस्त कर लिया जाए और मंदिर परिसर से लेकर बाहर तक मेला थाना और चौकी स्थापित की जाए। मेले का पूरा प्रसारण आकाशवाणी व दूरदर्शन पर भी होगा।
बैठक में कमिश्नर रवि कुमार एनजी, डीएम विजय किरन आनंद, एडीजी अखिल कुमार, आईजी रविंद्र गौड़, एसएसपी विपिन ताडा, नगर आयुक्त अविनाश कुमार, जीडीए वीसी प्रेम रंजन, एम्स की निदेशक डॉ सुरेखा किशोर, सीएमओ, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता, बिजली निगम के मुख्य अभियंता, डीएफओ, रोडवेज, रेलवे, आकाशवाणी, दूरदर्शन, नागरिक सुरक्षा समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।