पेप्सिको जैसी कई बड़ी कंपनियों के साथ कपिला कृषि उद्योग कंपनी भी गीडा में उद्योगों को रफ्तार देने आ रही है। गीडा सेक्टर 27 में करीब 100 करोड़ की लागत से पशु आहार बनाने वाली कंपनी फैक्टरी लगाने जा रही है। कंपनी को इसके लिए 62 हजार वर्ग मीटर जमीन भी आवंटित कर दी गई है। गीडा के स्थापना दिवस समारोह में भी इस कंपनी के अफसर आएंगे और मुख्यमंत्री के सामने अपने उद्योग के बारे में जानकारी देंगे।
गीडा क्षेत्र में लगातार बड़ी कंपनियों की तरफ से निवेश किया जा रहा है। पिछले महीने ज्ञान डेयरी और उससे पहले तत्वा प्लास्टिक फैक्टरी का उद्घाटन हुआ था। पेप्सिको कंपनी की ओर से निर्माण कार्य चल रहा है। इसके अलावा अल्कोहल फैक्टरी का भी निर्माण चल रहा है।
इसी कड़ी में अब कपिला कृषि उद्योग की तरफ से भी निवेश प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। गीडा प्रशासन के मुताबिक, कंपनी की तरफ से करीब 100 करोड़ रुपये निवेश किए जाएंगे। इससे करीब 500 लोगों को प्रत्यक्ष व 500 को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। यह कंपनी पशु आहार बनाने की प्रचलित ब्रांड में से एक है। इसके गीडा में निवेश करने से अन्य बड़े उद्योगों को भी गोरखपुर के लिए आकर्षित करने में मदद मिलेगी।
इसे भी पढ़ें: सहेली ने कर दिया सौदा, कार में बंद युवती ने शोर मचाकर युवकों को पकड़वाया
गीडा सीईओ अनुज मलिक ने कहा कि कपिला कृषि उद्योग की तरफ से फैक्टरी लगाने का प्रस्ताव मिला है। उन्हें सेक्टर 27 में 62 हजार वर्ग मीटर जमीन भी आवंटित कर दी गई है। गीडा के स्थापना दिवस समारोह में बड़े उद्यमियों के साथ मुख्यमंत्री बैठक कर निवेश प्रस्ताव पर चर्चा करेंगे।