धूमधाम से मनाया गया जन्माष्टमी।
- फोटो : अमर उजाला।
गीता वाटिका के राधा-कृष्ण मंदिर को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया था। मंदिर के बाहर मेले जैसा माहौल रहा। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर के बाहर लगी दुकानों पर चाट-पकौड़ों का जायका लिया। यहां श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बृहस्पतिवार को मनाया जाएगा। पुलिस लाइंस में झांकियां सजाई गईं थीं, बड़ी संख्या में यहां भी श्रद्धालु पहुंचे और मेले का लुत्फ उठाया। यहां भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बृहस्पतिवार को मनाया जाएगा।
गोपाल मंदिर में धूमधाम से मनी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
शहर के मोहद्दीपुर स्थित गोपाल मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। भगवान की प्रतिमा को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। शाम से ही मंदिर में भक्तों की कतार लगने लगी थी। मंदिर में शाम छह बजे से भजन संध्या की शुरुआत हुई।
भजन गायक ललित सूरी और उनके साथियों ने श्रीकृष्ण के मनमोहक भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों का सिलसिला रात 11:55 बजे तक चलता रहा। जैसे ही रात के 12 बजे पूरा मंदिर प्रांगण भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंज उठा। जन्म उत्सव के बाद भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया।
इस दौरान श्रीश्री गोपाल मंदिर समिति के अध्यक्ष दीपक कक्कड़, योगेंद्र, आनंद, सुरेंद्र, महेश आनंद, जगदीश आनंद, मनमोहन कोहली सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।