मृतक अमरनाथ( बाएं) व लालू( दाएं) फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर में होली के दिन मंगलवार को अलग-अलग थाना क्षेत्र में रंग खेलने के बाद नदी में नहाने गए पांच लोग डूब गए, जिसमें से तीन की मौत हो गई। कैंपियरगंज के राप्ती और बड़हलगंज के सरयू नदी में नहाने गए चार युवक डूब गए। जानकारी होने के बाद स्थानीय पुलिस ने गोताखोरों की मदद से चारों को बाहर निकलवाया।
इसमें दो युवकों की मौत हो गई। अन्य दो का बीआरडी मेडिकल में भर्ती कराया गया। बुधवार को सही होने पर चिकित्सकों ने उन्हें छोड़ दिया। वहीं, 25 मार्च को खजनी क्षेत्र में पोखरे में नहाते समय युवक की मौत हो गई। कैंपियरगंज प्रतिनिधि के मुताबिक, इलाके के नेतवर के रहने वाले अमरनाथ पांडेय (22), अमित शर्मा (21), आलोक पांडेय (18) मंगलवार की सुबह 11 बजे नेतवर घाट के पास राप्ती नदी में लगे पीपा पुल के पास नहाने गए थे।
इस दौरान गहरे पानी में चले जाने से तीनों डूबने लगे। आसपास खड़े लोगों के शोर मचाने वाले स्थानीय गोताखोरों ने उन्हें बाहर निकाला। सीएचसी ले जाने पर चिकित्सकों ने अमरनाथ को मृत घोषित कर दिया। वहीं अमित व आलोक को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।