तकनीकी खराबी के चलते अलायंस एयर का लखनऊ से आने वाला विमान बुधवार को छह घंटे देर से गोरखपुर पहुंचा। इस वजह से गोरखपुर से लखनऊ जाने वाली उड़ान भी करीब सात घंटे देर हुई। इस वजह से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, अलायंस एयर की फ्लाइट को दोपहर एक बजे लखनऊ चल कर दोपहर दो बजे गोरखपुर पहुंचना था और गोरखपुर से शाम चार बजे लखनऊ जाना था लेकिन तकनीकी दिक्कतों के चलते फ्लाइट लखनऊ से ही नीयत समय पर उड़ान नहीं भर पाई। गोरखपुर से इस फ्लाइट से लखनऊ जाने वाले यात्रियों को काफी दिक्कत हुई।
करीब छह घंटे बाद शाम सात बजे इसने लखनऊ से उड़ान भरी। इसके बाद रात में नौ बजे गोरखपुर से लखनऊ के लिए फ्लाइट रवाना हुई। इस दौरान यात्रियों और बाहर उनका इंतजार कर रहे परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
फ्लाइट कम होने से बढ़ी गईं यात्रियों की दिक्कतें
गोरखपुर एयरपोर्ट से दिल्ली-मुंबई के बीच नियमित उड़ान भरने वाली स्पाइस जेट की फ्लाइट गोरखपुर एयरपोर्ट से बंद होने के बाद यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब सारा बोझ इंडिगो और अलायंस एयर पर ही आ गया है। स्पाइस जेट के बदले गोरखपुर से अकासा एयरलाइंस की सेवाएं शुरू होनी है लेकिन अभी मामला प्रक्रिया में उलझा हुआ है।