फरियाद सुनते डीएम विजय किरन आनंद।
- फोटो : अमर उजाला।
साहब! कुछ रसूखदार लोग मेरी जमीन कब्जा करना चाहते हैं। पुलिस के पास कई बार गई, मगर मुकदमा नहीं दर्ज हो रहा। जब भी थाने पर जाती हूं, लौटा दिया जाता है। कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
डीएम विजय किरन आनंद के सामने यह पीड़ा बयां कि काजीपुर खुद वार्ड की एक महिला ने। डीएम ने उनके मामले को सुना और आश्वस्त किया कि 24 घंटे के भीतर पुलिस जांच करेगी। शिकायत वाजिब मिली तो मुकदमा जरूर दर्ज होगा। यदि ऐसा नहीं हुआ तो महिला सीधे उन्हें फोन कर सूचना दे सकती है। डीएम मंगलवार सुबह आठ बजे से शहर के काजीपुर वार्ड में चौपाल लगाकर फरियादियों की समस्याएं सुन रहे थे।
उनका कहना है कि महिला की समस्या सुनीं गई है। संबंधित थाने की पुलिस को फोन कर जांच करने का निर्देश दिया गया है। यदि शिकायत सही मिली तो मुकदमा जरूर दर्ज होगा। इसी तरह मोहल्ले के ही कुछ लोगों ने नाली तो कुछ ने सड़क टूटने की शिकायत की। कुछ ने आयुष्मान योजना के तहत गोल्डन कार्ड नहीं बनने की बात बताई तो कुछ ने कोटेदार के समय से अनाज नहीं बांटने की।
डीएम ने सभी की समस्याओं को एक-एक कर सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रार्थनापत्र के आधार पर जांच कराने और गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी मामलों की जांच रिपोर्ट उन्हें उपलब्ध कराने के लिए भी कहा।
चौपाल के दौरान डीएम ने वार्ड की कॉलोनियों का निरीक्षण कर सड़क, जलनिकासी, नाली, पीने के पानी और बिजली आपूर्ति की व्यवस्था भी जांची। नगर निगम को निर्देश दिया कि वार्ड की जो भी सड़कें और नालियां टूट गई हैं, उनका जल्द निर्माण कराया जाए।
डीएम विजय किरन आनंद ने कहा कि काजीपुर में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं गईं। वार्ड की कॉलोनियों का निरीक्षण भी किया गया। सभी शासकीय योजनाओं की समीक्षा की गई। जो भी कमियां मिली उन्हें जल्द दुरुस्त कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। वार्ड में चौपाल लगाए जाने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।