देवरिया जिले के कोतवाली क्षेत्र के राघव नगर स्थित सिंडीकेट बैंक में तैनात होमगार्ड शनिवार दोपहर बैंक के निजी गार्ड की बंदूक दगने से घायल हो गया। बैंक में गोली चलते ही अफरातफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने होमगार्ड को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देख मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। बैंक के गार्ड को पुुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
भटनी थाना क्षेत्र के खोरीबारी गांव निवासी होमगार्ड श्रीकिशुन यादव (50) की ड्यूटी शहर के राघवनगर स्थित सिंडीकेट बैंक में थी। दोपहर करीब 3 बजे होमगार्ड और बैंक का निजी गार्ड एक पास बैठे थे। इसी दौरान निजी गार्ड की बंदूक दग गई। गोली होमगार्ड के पैर के ऊपरी हिस्से में लगी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। घटना की जानकारी होते ही क्षेत्राधिकारी सदर श्रीयश त्रिपाठी और प्रभारी कोतवाल विपिन मलिक मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायल होमगार्ड का बयान दर्ज किया। उसने बताया कि निजी गार्ड अपनी बंदूक से छेड़छाड़ कर रहा था। इसी दौरान बंदूक दग गई। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। गार्ड को हिरासत में ले लिया गया है।