विशेष सुरक्षा बल का मुख्यालय मानीराम के पास ताल जदहा में होगा। इसके लिए आवासीय एवं अनावासीय भवन का निर्माण वहां कराया जाएगा। 5.136 एकड़ क्षेत्रफल में बनने वाले भवनों के निर्माण पर 431 करोड़ की लागत आएगी। इसकी कवायद लंबे समय से चल रही थी।
जमीन मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड भवन डिविजन की तरफ से टेंडर कर दिया गया है। एक दो दिन में टेंडर खुलने की बात कही जा रही है।
विभाग के अभियंता के मुताबिक इसके लिए मदर्स प्राइड नामक फर्म को कंसल्टेंट नामित किया गया है। उसकी ही देखरेख में भवनों का डिजाइन बनाकर निर्माण कार्य कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अभियंता कराए गए कार्यों का परीक्षण कर अंतिम मुहर लगाएंगे।
परिसर में क्या होगा निर्माण
- जो भवन बनाए जाएंगे उसमें टाइप ए का 15 मंजिला भवन का निर्माण होगा, उसमें 126 आवास होंगे।
- एक टाइप बी का आवास बनाया जाएगा। यह 13 मंजिला होगा। इसमें 448 आवास होंगे।
- टाइप बी का दूसरा आवास भी बनेगा वह भी 13 मंजिला होगा। उसमें 113 आवास होंगे।
- टाइप फोर का एक आवास बनाया जाएगा जो तीन मंजिला होगा। इसमें सात आवास होंगे।
- टाइप फोर का एक आवास बनेगा। यह सिंगल रहेगा।
- इसके अलावा आवासीय भवन में क्वार्टर गार्ड भी बनाया जाएगा। इसके अलावा आडिटोरियम, स्वीमिंगपुल, हॉस्पिटल का भी निर्माण कराया जाएगा।
निर्माण खंड भवन अधिशासी अभियंता अनिल कुमार ने कहा कि विशेष सुरक्षा बल के लिए 5.136 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में आवासीय एवं अनावासीय भवन का निर्माण कराने के लिए टेंडर कर दिया गया है। इसके निर्माण पर 431.70 करोड़ की लागत आएगी। बहुत जल्द टेंडर खुलने वाला है।