गोरखपुर में घर के बंटवारे में रास्ता नहीं मिलने की फरियाद करके सिस्टम से हारी एक महिला रविवार को रेल म्युजियम के पास पानी की टंकी पर चढ़ गई। अचानक पानी की टंकी पर तरल पदार्थ से भरा गैलेन लेकर चढ़ने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। आनन-फानन पुलिस मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे तक पुलिस महिला को समझाने में लगी रही, जिसके बाद महिला नीचे आई। महिला को थाने ले जाकर समझाने के बाद पुलिस ने एसडीएम दफ्तर में मंगलवार को बुलाया है, ताकि उसके मामले का निपटारा हो सके।
जानकारी के मुताबिक, कैंट इलाके के मोहद्दीपुर निवासी शकुंतला देवी पत्नी स्व. सदानंद पानी की टंकी पर चढ़ी थीं। शकुंतला का कहना है कि पति की मौत के बाद घर का बंटवारा जेठ ने किया। लेकिन उसे पीछे का हिस्सा दे दिया गया है और आगे से रास्ता ही नहीं दिया गया। अब अगर रास्ता नहीं रहेगा तो वह घर से निकलेगी कैसे?