गोरखपुर में धीरे धीरे ही सही लॉकडाउन के दौरान ही गोरखपुर के उद्योगों ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। सोमवार को गीडा औद्योगिक क्षेत्र की पांच और फैक्ट्रियों में निर्माण और उत्पादन को मंजूरी मिल गई।
आईटी पार्क प्रबंधन ने निर्माण कार्य शुरू करने की अनुमति ली तो आईटीएम इंजीनियरिंग कॉलेज को ऑनलाइन क्लासेज चलाने की। गीडा में अब तक 70 उद्योगों को संचालन की अनुमति मिल चुकी है।
चप्पल की मशहूर कंपनी एआरपी प्राइवेट लिमिटेड समेत चार और इंडस्ट्रीज को उत्पादन की अनुमति दे दी गई। एआरपी प्राइवेट लिमिटेड काफी समय से फैक्ट्री शुरू करने को लेकर प्रयासरत था, लेकिन वर्करों के लिए पास नहीं बन पाने की वजह से फैक्ट्री शुरू नहीं हो पा रही थी। गीडा के पीआरओ और संपत्ति सिविल संजय तिवारी ने बताया कि सोमवार को कुल 65 पास जारी किए गए हैं। इनमें 33 व्यक्तिगत और 28 वाहनों के पास शामिल हैं।
महावीर जूट मिल में दो शिफ्ट में हो रहा है काम
महावीर जूट मिल में एक तिहाई वर्करों की मदद से दो शिफ्ट में जूट के बोरों को उत्पादन शुरू हो गया है। गेहूं की सरकारी खरीद के मद्देनजर जूट के बोरों की आवश्यकता को देखते हुए फूड कारपोरशन ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने भी महावीर जूट मिल के निदेशकों से संपर्क किया था। महावीर जूट मिल के निदेशक पीके मसकरा ने कहा कि सारे मानकों का पालन करते हुए दो शिफ्ट में फैक्ट्री में काम हो रहा है।