गोरखपुर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जैसे-जैसे पानी कम हो रहा है वैसे-वैसे बीमारों की संख्या बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित गांवों में 14 सचल टीमें और बाढ़ चौकियों पर सक्रिय 206 स्वास्थ्य कर्मियों ने 1568 लोगों को इलाज किया। टीमें नाव से गांवों में पहुंची थीं।
जानकारी के मुताबिक सबसे अधिक बीमार महिलाएं मिल रहीं हैं। 701 पुरुष जहां बुखार, उल्टी और दस्त से पीड़ित मिले हैं। वहीं, 867 महिलाओं में बुखार सहित उल्टी और दस्त की समस्या मिली है। 188 बच्चे और 162 बुजुर्गों को भी बुखार के साथ अन्य दिक्कतें रही हैं। शुक्रवार को बुखार के 750 मरीज मिले। त्वचा रोग के 389, उल्टी-दस्त के 179 मरीज मिले हैं।
सीएमओ डॉ सुधाकर पांडेय ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करने में टीमें पूरी मुस्तैदी से जुटी हैं। पीएचसी-सीएचसी प्रभारी से लेकर आशा-एएनएम तक नाव के सहारे बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर बीमार लोगों को मदद कर रहे हैं। विभाग के मुताबिक अब तक 20 हजार से अधिक लोग बीमार मिल चुके हैं। इनमें 50 प्रतिशत से अधिक लोगों को बुखार की समस्या मिली है।