गोरखपुर जनपद में बहने वाली सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर लगातार नीचे आने के बावजूद तटबंधों पर दबाव के चलते कटान का खतरा बना हुआ है। ऐसे में तटबंधों के किनारे बसे लोग अब भी सहमे हुए हैं। कुछ दिनों पहले खतरे के निशान से 2.34 मीटर ऊपर पहुंची राप्ती नदी का जलस्तर बृहस्पतिवार को खतरे के निशान से 1.57 मीटर पर पहुंच गया। बुधवार को यह खतरे के निशान से 1.72 मीटर पर बह रही थी। घाघरा नदी स्थिर हो गई है। अभी वह खतरे के निशान से 37 सेमी नीचे बह रही है। जबकि रोहिन जिस तेजी से ऊपर गई थी उसी रफ्तार से नीचे आई है। बृहस्पतिवार को उसका जलस्तर खतरे के निशान से 1.33 सेमी नीचे था। वहीं गोर्रा नदी खतरे के निशान से 1.25 मीटर ऊपर बह रही है।
लोगों का कहना है कि स्थानीय बारिश से नदियों का जलस्तर कुछ बढ़ सकता है। लेकिन सिंचाई विभाग के अधिकारियों का मानना है कि इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा। विभाग की टीमें बंधों की लगातार निगरानी कर रही हैं।
बाढ़ खंड 2 के अधिशासी अभियंता रुपेश कुमार खरे ने बताया कि सभी नदियों का जलस्तर घट रहा है। राप्ती नदी जिसके चलते पूरा जनपद भयभीत था वह अब खतरे के निशान से 1.57 मीटर ऊपर बह रही है। बलरामपुर में भी राप्ती का जलस्तर नीचे आने लगा है। स्थानीय स्तर पर बारिश होने के कारण जलस्तर में थोड़ी वृद्धि हो सकती है। लेकिन यह चिंता की बात नही है। विभाग बंधों पर पहले की तरह ही नजर गड़ाए है।
391 गांव बाढ़ से घिरे, 3.12 लाख की आबादी प्रभावित
गोरखपुर। जिले में नदियों का जलस्तर भले ही अब तेजी से घट रहा है मगर बाढ़ प्रभावित इलाकों में अभी कोई विशेष राहत नहीं मिली है। जिले के कुल 1294 में से 391 गांव बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं। तो 3.12 लाख की आबादी प्रभावित है। करीब 56240 हेक्टेअर क्षेत्रफल बाढ़ की चपेट में है। अब तक सदर तहसील में सबसे ज्यादा 98 गांव जबकि चौरीचौरा व खजनी में सबसे कम क्रमश: 32 व 34 गांव प्रभावित हैं। इसी तरह सहजनवां में 44, कैंपियरगंज में 61, बांसगांव में 47 और गोला में 75 गांव प्रभावित हैं।
दिक्कत हो या कोई सूचना देनी हो तो यहां मिलाएं फोन-
बाढ़- 0551-2201796, 9450119142
स्वास्थ्य- 0551-2202205, 9450119127
पशुपालन- 0551-2204196
नगर निगम- 0551-2204196, 9450119104
बिजली निगम- 0551-2985901, 9450119071
जिलापूर्ति- 0551-2980096, 9450119074
पंचायतीराज- 0551-2985854, 9532824859
जलनिगम- 0551-2985913, 8765134842
पीडब्लूडी- 0551-2980093, 9532797104