तीन अप्रैल से बंद शहर के सिनेमाघर बकरीद से खुल सकते हैं। इसकी तैयारी में मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन सिनेमा घर संचालक जुट गए हैं। हालांकि, नई फिल्म रिलीज न होने से अभी एक या दो शो ही चलाने की तैयारी है। कोविड गाइड लाइंस का पालन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। दर्शकों को दोनों वैक्सीनेशन का प्रमाणपत्र भी पास रखना होगा।
एडी मॉल निदेशक नीरज दास ने कहा कि सरकार ने तो लगभग एक हफ्ते पहले से ही मल्टीप्लेक्स खोलने का आदेश दिया था। इसके बाद मल्टीप्लेक्स के अंदर सैनिटाइजेशन व अन्य जरूरी सुरक्षा संबंधी कार्य हो रहे हैं। बकरीद से कुछ शो शुरू होने की उम्मीद है। सभी लोगों को कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करना होगा।
ओरियन मॉल के निदेशक अमित टेकड़ीवाल ने कहा कि मॉल प्रबंधन की ओर से पूरी तरह से कोरोना गाइडलाइन का पालन करवाया जा रहा है। मल्टीप्लेक्स को भी बकरीद से खोलने का विचार है। ऑईनॉक्स के जिम्मेदार भी सैनिटाइजेशन समेत अन्य तैयारियों में जुटे हैं। सभी कर्मचारियों को वैक्सीन लगवाने के लिए कहा गया है।