गोरखपुर शहर में छोटी-छोटी बातों को लेकर पहले भी दबंगई की घटनाएं सामने आई हैं। मारपीट से लेकर जानलेवा हमला भी हुआ है। कभी भौकाल के लिए तो कभी रंगबाजी में चक्कर में मनबढ़ों ने वारदात की हैं। पुलिस ने कई मामलों में कार्रवाई भी की है, लेकिन घटनाएं कम नहीं हो रही हैं।
इसे भी पढ़ें: जीएसटी चोरी: बिना वैध कागजात के 15 ट्रकों से ले जा रहे थे दो करोड़ का माल, पकड़े गए
हाल में हुईं घटनाएं
02 सितंबर 2023 : कैंट इलाके के सिटी मॉल के पास दुकान चलाने वाले जगदीश गुप्ता ने चार लोगों पर केस दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि दुकान पर आए और खाने के बाद रुपये मांगने पर मारपीट की। जबकि, दूसरे पक्ष से सत्यम मौर्य ने भी केस दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि दुकानदार ने अपने साथियों के साथ मारपीट की है। पूरे विवाद की वजह 800 रुपये हैं। पुलिस दोनों पक्ष से केस दर्ज कर सीसी टीवी कैमरे की मदद से जांच कर रही है।
03 सितंबर 2023 : गगहा थाने में रियांव गांव निवासी ज्ञानती देवी ने केस दर्ज कराया। उनका कहना है कि दिन में 12 बजे 11 साल का बेटा अमन बच्चों के साथ खेल रहा था। शोर से नाराज होकर दीपक, मंगेश ने मारपीट कर दी। आरोप है कि शोर सुनकर पहुंची मां को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।
21 अगस्त 2023 : पुलिस ने गगहा इलाके में शंकर साहनी की हत्या के आरोप में उसके दोस्त को जेल भेजा। जांच में सामने आया कि एक हजार रुपये की उधारी न लौटाने व घटना वाले दिन शराब न पिलाने से नाराज होकर दोस्त ने उसे मौत के घाट उतारा था। खेत में हत्या करने के बाद उसने घर पर जाकर खुद ही दूसरों को फंसाने के लिए हत्या की जानकारी भी दी थी।
इसे भी पढ़ें: हॉर्न बजाने पर विवाद: गोरखपुर एयरफोर्स चौकी के पास कार पर पथराव, फायरिंग
03 सितंबर 2023 : बांसगांव के जिगिना बाबू गांव की रहने वाली सुनीता देवी पत्नी घनश्याम के बच्चे से मारपीट की गई। सुनीता का कहना है कि बच्चे खेल रहे थे। इस दौरान आरोपियों के बच्चे से विवाद हो गया। इसमें बड़े लोग आए और बच्चे को पीटकर घायल कर दिए। शोर सुनकर बचाने के लिए गई तो आरोपियों ने ईंट से हमला कर सिर फोड़ दिया। पुलिस तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच कर रही है।
25 अगस्त 2023: बांसगांव इलाके में मुफ्त में पेट्रोल न देने पर पेट्रोल पंप के मैनेजर पर जानलेवा हमला किया गया। फिल्मी अंदाज में पंप के मैनेजर कमरे में बुलेट से घुसकर घटना को अंजाम देने के बाद असलहा लहराते हुए बदमाश फरार हो गए थे। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजा था।
05 सितंबर 2023: कैंट के बेतियाहाता निवासी विजेंद्र सहाय मिश्रा ने नारियल पानी वाले से दिए रुपये वापस मांग लिया तो दुकानदार ने नारियल काटने वाले धारदार हथियार को लेकर दौड़ा लिया था। पुलिस इस मामले में भी केस दर्ज की है।