फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोरखपुर ब्लॉक प्रमुख चुनाव: पर्चा खरीदने को लेकर जमकर हुई मारपीट, केस दर्ज

Wed, 07 Jul 2021 09:36 PM IST
vivek shukla अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर।

सार

एडीओ का आरोप, पर्चा बांटने के दौरान की गई मारपीट, प्रपत्र लूटे, उरुवा ब्लॉक में तनाव को देखते हुए दो प्लाटून पीएसी और पुलिस फोर्स लगाई गई।
विज्ञापन
ब्लॉक प्रमुख चुनाव 2021 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गोरखपुर में उरुवा विकास खंड में ब्लॉक प्रमुख चुनाव का पर्चा खरीदने को लेकर बुधवार को दो पक्ष भिड़ गए। भाजपा समर्थित प्रत्याशी समर्थकों से विवाद को पुलिस ने शांत कराया। तभी कुछ लोग अंदर पहुंच गए और पर्चा दे रहे एडीओ आईएसबी शकील अहमद के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान कई पर्च और सरकारी दस्तावेज को फाड़ दिया गया।

विज्ञापन


पुलिस ने एडीओ की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ लोकसेवक के काम में बाधा डालने और लूट की कोशिश में चोट पहुंचाने की धारा में केस दर्ज कर लिया है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए एक प्लाटून पीएसी और पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। सीओ खुद फोर्स के साथ लगातार गश्त पर हैं।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को विकास खंड में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए पर्चा बंट रहा था। ड्यूटी पर तैनात एडीओ आईएसबी शकील अहमद ने बताया कि 11 बजे प्रभावती देवी के नाम से संगल लाल दुबे ने दो सेट पर्चा खरीदा।
विज्ञापन


इसी बीच कुछ अज्ञात लोग आए और पर्चे बिकने वाले कमरे में घुसकर 8 सेट पर्चा, 3 वोटर लिस्ट, पर्चा बिक्री रजिस्टर, अन्य प्रपत्र छीन कर फाड़ दिए। रोकने पर मारने पीटने लगे, जिससे मेरी बाएं उंगली में चोट आई है। शकील अहमद की तहरीर पर उरुवा पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

हंगामे, नोंकझोंक के बीच ब्लॉक प्रमुख पद के लिए 155 पर्चे बिके

गोरखपुर में  हंगामे, नोंकझोंक और भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार को जिले के 20 ब्लॉकों से ब्लॉक प्रमुख पद के लिए करीब 155 पर्चों की बिक्री हुई। कई प्रत्याशियों ने चार-चार सेट में नामांकन पत्र लिए। बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे से तीन बजे तक नामांकन होगा। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसी के साथ तस्वीर साफ हो जाएगी कि किन ब्लॉकों में निर्विरोध निर्वाचन होगा और कहां पर कांटे की लड़ाई होगी।

नौ जुलाई को नाम वापसी की तिथि तय की गई है। 10 जुलाई को सुबह 11 बजे से तीन बजे तक सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर मतदान होगा। तीन बजे के बाद मतों की गिनती होगी। जीत की घोषण ब्लॉक मुख्यालयों पर ही कर दी जाएगी। मगर प्रमाण पत्रों का वितरण जिला मुख्यालय पर होगा।

हर ब्लॉक में प्रमुख दावेदारों ने निर्विरोध निर्वाचित होने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। बुधवार को भी कई तरह के आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी रहा।  उरुवा, पाली, चरगांवा, खोराबार जैसे ब्लॉकों में कांटे की लड़ाई के आसार हैं। उरुवां में पर्चे की बिक्री के दौरान ही दो पक्षों में झड़प हो गई। एक अधिकारी को भी इसमें चोट आई है।

ब्लॉक प्रमुख पद के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री मंगलवार से हो रही है। पहले दिन 24 दावेदार पर्चे ले गए थे जबकि बुधवार को बांसगांव को छोड़कर सभी ब्लॉकों में पर्चों की बिक्री हुई। सुबह से ही एआरओ ब्लॉकों पर पहुंच गए थे। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में मात खाने वाली सपा सुबह से ही पर्चों की बिक्री को लेकर सतर्क रही। पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने पर्चा नहीं मिलने की डीएम-एसएसपी से शिकायत की। डीएम ने आश्वस्त किया कि सभी इच्छुक दावेदार को पर्चा मिलेगा। बाद में उन्होंने एसडीएम-तहसीलदार के इस बाबत निर्देश भी दिए। सभी को पर्चा मिला भी।

 
विज्ञापन

किन ब्लॉकों में कितने पर्चे बिके

उरुवा में सात, जंगल कौड़िया में दो, कैंपियरगंज में नौ, भरोहिया में आठ, बेलघाट में 13, पिपराइच में नौ, सहजनवां में छह, गगहा में 10, ब्रह्मपुर में तीन, भटहट में 11, पिपरौली में दो, बड़हलगंज में आठ, सरदारनगर में 13, पाली में नौ, बांसगांव में चार, कौड़ीराम में 20, खजनी में 14, गोला में दो, खोराबार में 14 व चरगांवा में 13 पर्चे बिके हैं।

कहीं राह आसान तो कहीं कांटे की टक्कर
चरगांवा में भाजपा प्रत्याशी के अलावा पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामाश्रय निषाद की बहू पूजा ने भी पर्चा खरीदा है। परमेश्वरपुर गांव के निवासी दीनानाथ निषाद ने पर्चा खरीदा। पाली ब्लॉक से भाजपा जिलाध्यक्ष के पुत्र शशि प्रताप सिंह ने भाजपा प्रत्याशी के तौर पर पर्चा खरीदा है। भाजपा से ही टिकट की दावेदारी कर रहे प्रभाकर दुबे ने भी पर्चा खरीदा है। खोराबार में भाजपा के प्रत्याशी शिव प्रसाद जायसवाल व रमावती देवी ने पर्चा खरीदा।

गोला ब्लॉक में भाजपा प्रत्याशी कुसमावती ने अकेले पर्चा खरीदा है। उरुवा में पर्चा खरीदने को लेकर दो पक्षों में झड़प भी हुई। यहां पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज किया है। खजनी विधायक संत प्रसाद की पुत्रवधु शांति देवी ने पर्चा खरीदा है तो बीडीसी सदस्य प्रभावती देवी ने भी पर्चा लिया। खजनी में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गुलाब सिंह की बहू अंशू सिंह ने पर्चा खरीदा तो रंजना सिंह, रीता सिंह, उर्मिला सिंह, आरती देवी, दुर्गावती सिंह, संध्या आदि ने भी नामांकन पत्र खरीदा है।

कौड़ीराम से गोरखपुर ग्रामीण के विधायक बिपिन सिंह की पत्नी नीता सिंह ने भी पर्चा खरीदा है। बड़हलगंज ब्लॉक में कई लोगों ने दावेदारी पेश की है। भाजपा से प्रत्याशी बनाए गए राजीव पांडेय के अलावा रामअशीष राय, अवनीश राय की पत्नी वंदना राय, श्रीनाथ तिवारी की पत्नी सुनीता ने भी पर्चा खरीदा है। पिपरौली में कालेसर के पूर्व प्रधान दिलीप कुमार यादव ने नामांकन पत्र खरीदा है।

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें