गोरखपुर कैंट इलाके में शनिवार रात किशोर पर प्रेमिका के भाई ने साथियों संग हमला कर दिया। पुलिस तहरीर के आधार पर दो नामजद समेत चार के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, कुशीनगर जिले का रहना वाला किशोर हाईस्कूल का छात्र है। वह कैंट इलाके में परिवार वालों के साथ किराये पर रहता है। पड़ोस में रहने वाली युवती से उसका प्रेम संबंध है। शनिवार दोपहर में युवती से मिलने किशोर उसके कॉलेज में पहुंच गया, जहां शिक्षकों ने आपत्तिजनक स्थिति में दोनों को पकड़ लिया।
छात्रा का नाम पूछने के बाद उसके परिजनों को बुलाया। घटना की जानकारी देकर उसे परिजन के साथ भेज दिया गया। किशोर को कैंट पुलिस ले गई, जहां चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
उसी दिन शाम सात बजे के करीब मोहल्ले में प्रेमिका के भाइयों ने अपने दो साथियों संग किशोर को घेर लिया। पिटाई करने के बाद तलवार से उस पर हमला कर दिया। कैंट इंस्पेक्टर शशिभूषण राय ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।