गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सहजनवां इलाके के एक पीजी कॉलेज में बीएड की छात्रा को उसके गांव का ही एक युवक पिछले एक साल से छेड़खानी कर रहा था।
वह छात्रा के रास्ते में रोककर बात करने का दबाव बनाता था। इनकार करने पर तेजाब फेंकने की धमकी दे रहा था। गीडा पुलिस ने छात्रा की तहरीर पर आरोपी और उसके दोस्त पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि रविवार की शाम गीडा थानाक्षेत्र के एक गांव की युवती थाने पहुंची और प्रभारी निरीक्षक से युवक की करतूत बताई। उसने बताया कि एक साल से युवक कॉलेज जाते समय रास्ते में पत्र फेंककर बात करने का दबाव बनाता है।
कुछ दिन पहले कॉलेज से घर आ रही थी तो आरोपी युवक अपने दोस्तों के साथ हरैया तिराहे पर रोककर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए चेहरे पर तेजाब डालकर जिंदगी खराब करने की धमकी दी। पुलिस ने छात्रा की तहरीर पर आरोपी नीतिश राजभर और उसके दोस्तों पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।