देवरिया जिले में एक स्कूल में चतुर्थ श्रेणी की नौकरी कर गुजर-बसर करने वाली महिला डेंगू की चपेट में आ गई थी। वह जब घर में ही बेहोश हो गई तो पड़ोसियों ने एंबुलेंस से बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजवा दिया। डेंगू पीड़ित इस महिला का प्लेटलेट्स काउंट भी छह हजार था। बीआरडी के डॉक्टरों ने प्लेटलेट्स चढ़ाकर इलाज किया तो महिला के स्वास्थ्य में सुधार आने लगा है। अब उसकी हालत खतरे से बाहर है।
इसे भी पढ़ें: हत्या के जुर्म में 16 साल बाद अभियुक्त को आजीवन कारावास, गोरखपुर में भड़क गया था दंगा
प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि चार दिन पहले जब महिला को बीआरडी मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर लाया गया तो वह मरणासन्न थी। तत्काल उसकी डेंगू जांच कराई गई, इसके साथ ही इलाज शुरू किया गया। प्लेटलेट्स छह हजार होने से रक्तस्राव होने लगा था जो डेंगू के मामले में काफी खतरनाक माना जाता है।
मंगलवार दोपहर में प्राचार्य ने महिला का हाल जाना। अब वह बातचीत करने लगी हैं। बताया जा रहा है कि बुखार आने पर जांच के बजाय मेडिकल स्टोर से दवा लेकर खा रही थीं। रक्तस्राव होने के चलते वह घर में अचेत हो गई थीं।