गोरखपुर के नौका विहार से लेकर तारामंडल के आसपास नो वेंडिंग जोन में खाने-पीने की सामग्री का ठेला-अस्थायी दुकान लगाकर गुजर बसर करने वाले जरूरतमंदों के लिए राहत भरी खबर है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ऐसे जरूरतमंदों को नौका विहार के पास दिग्विजयनाथ पार्क से सटे खाली क्षेत्र में बने 34 कियॉस्क (टीन शेड) निशुल्क आवंटित करेगा। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि इसके लिए जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) में 25 सितंबर तक नौका विहार व तारामंडल के आसपास ठेला-खोमचा व अस्थायी दुकान लगाने वालों को आवेदन करना होगा। आवेदन पत्रों के सत्यापन के बाद पूरी तरह से सही पाए जाने वाले पात्र पथ विक्रेताओं को लॉटरी के माध्यम से कियॉस्क आवंटित किया जाएगा।
आवेदन की जरूरी शर्तें
- पथ विक्रेता गोरखपुर का स्थायी निवासी हो तथा नौका विहार, तारामंडल क्षेत्र व उसके आसपास दुकान लगा रहा हो
- आवेदन के साथ आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, यदि दिव्यांग है तो उसका प्रमाण पत्र और 10 रुपये के स्टैंप पर शपथ पत्र जिसमें पात्रता एवं शर्तों का उल्लेख तथा वार्षिक आय अंकित होना अनिवार्य है।
- नया सवेरा, नौका विहार, तारामंडल क्षेत्र व उसके आसपास लगा रहे ठेले व दुकान का वेंडर के साथ जीपीएस फोटोग्राफ्स, आवेदन पत्र के साथ संलग्न करना जरूरी है।
कियॉस्क आवंटन के बाद हटाए जाएंगे ठेले-खोंमचे वाले
जीडीए की तरफ से कियॉस्क का आवंटन करने के बाद से नौका विहार एवं उसके आसपास से ठेले-खोंमचे वालों को हटाया जाएगा। दरअसल, सड़क किनारे व आसपास खाने-पीने के ठेले-खोंमचे लगने से वहां गंदगी फैलती है। साथ ही यातायात व्यवस्था भी खराब हो रही है। जीडीए उपाध्यक्ष का कहना है कि जो 34 कियॉस्क के आवंटन के बाद जो ठेले-खोंमचे वाले बच जाएंगे, उन्हें भी निकट भविष्य में जल्द ही कहीं दूसरी जगह कियॉस्क आवंटित करने का प्रयास किया जाएगा।
लोहिया एन्क्लेव में चला सफाई अभियान
जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह के निर्देश पर बुधवार को लोहिया एन्क्लेव की सफाई कराई गई। इस दौरान नालियों को साफ करने के साथ ही सड़क किनारे जमी घास भी साफ की गई और दवाओं का छिड़काव कराया गया। उपाध्यक्ष की पहल पर पिछले पखवारे भर से जीडीए की अलग-अलग कॉलोनियों में नियमित सफाई कराई जा रही है।