गोरखपुर जिले के झंगहा इलाके के रामनगर तेंदुवा ब्रह्मपुर निवासी राजबहादुर का एटीएम कार्ड बदलकर, जालसाज ने खाते से 4.63 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने झंगहा पुलिस को तहरीर देकर केस दर्ज करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, राजबहादुर का खाता नई बाजार स्थित एक बैंक की शाखा में है। उनके एटीएम कार्ड से नौ दिसंबर को बेटे पप्पू शर्मा ने दो बार में 20 हजार रुपये निकाले। आरोप है कि रकम निकालकर गिनते समय झंगहा थाना क्षेत्र के जंगल रसूलपुर नंबर दो स्थित एटीएम में खड़े शख्स से एटीएम कार्ड को धोखे से बदल दिया।
जानकारी पप्पू को तब हुई, जब वह दूसरे दिन पैसे निकालने के लिए, फिर एटीएम पर पहुंचा। खाते से रुपये की निकासी की कोशिश पर कार्ड का पिन बदला मिला और रुपयों की निकासी भी नहीं हुई। राजबहादुर ने बैंक से संपर्क किया तो उन्हें पता चला कि उनके खाते से 4.63 लाख निकाल लिए गए हैं। एसपी नार्थ मनोज अवस्थी बोले, मामला संज्ञान में आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
बेटा-बेटी भी कर सकते हैं पिता के एटीएम का इस्तेमाल
सेंट्रल बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक एलबी झा ने बताया कि नियमानुसार कोई बेटा या बेटी अपने पिता के एटीएम का इस्तेमाल कर सकता है। कई बार ऐसी स्थितियां होती हैं कि तबीयत खराब होने, अपंगता या ज्यादा उम्र होने की वजह से कोई व्यक्ति जाने में असमर्थ होने पर रकम निकालने के लिए अपने बच्चों को एटीएम कार्ड दे देता है। इसी वजह से सरकार ने पेंशनधारकों को एटीएम कार्ड इश्यू करने का नियम बनाया गया है। ऐसी स्थिति में एटीएम कार्ड से फर्जीवाड़ा होने पर कार्डधारक द्वारा मुकदमा दर्ज कराया जा सकता है। बैंकिंग क्लेम भी किया जा सकेगा।