गोरखपुर शहर के शास्त्री चौक के तीन दुकानदारों ने दुकान के सामने कूड़ा फेंका, उन्हें एक-एक हजार रुपये जुर्माना देना पड़ा। नगर निगम के चीफ इंजीनियर सुरेश चंद ने निरीक्षण के दौरान दुकानदारों से जुर्माना वसूला।
गुरुवार को चीफ इंजीनियर ने शास्त्री चौराहे के पास निरीक्षण किया। इस दौरान एक भोजनालय के सामने गंदगी मिली। वहीं रवि और मोहन नामक दुकानदार ने अपने दुकान के सामने काफी गंदगी फैलाई थी। इसके बाद चीफ इंजीनियर ने तीनों दुकानदारों पर एक-एक हजार रुपये जुर्माना लगाया। साथ ही हिदायत दी कि अगर फिर से इस तरह की गंदगी मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
29 को मुख्यमंत्री करेंगे नगर निगम के नए सदन का लोकार्पण
नगर निगम के नए कार्यालय व सदन भवन, आइटीएमएस व इलेक्ट्रिक सिटी बस के लोकार्पण की तारीख बदल गई है। अब 30 दिसंबर की बजाय एक दिन पहले 29 दिसंबर को ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकार्पण करेंगे। मेयर सीताराम जायसवाल ने बताया कि लोकार्पण समारोह 29 दिसम्बर को सायं पांच बजे से नगर निगम परिसर में ही आयोजित होगा। शुक्रवार को नगर निगम के अधिकारियों ने नवनिर्मित भवन के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त आरबी सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी, सहायक अभियंता नर्वदेश्वर पांडेय, पवन मिश्र, राम नरेश नागवंशी मौजूद रहे।