गोरखपुर जिले के अलग-अलग थाना की पुलिस ने चोरी के आरोप में महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। महिला आरोपी के पास से दानपात्र से चोरी 38 हजार 800 रुपये सहित अन्य आरोपियों के पास चोरी के सामान को बरामद किया गया है। सभी आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।
गोरखनाथ पुलिस ने घर में घुसकर चोरी करने के आरोपी गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी का मोबाइल फोन व एक हजार रुपये बरामद किया गया। आरोपी की पहचान खपड़े वाली मस्जिद के पास रहने वाले सोनू उर्फ नूर मोहम्मद के रूप में हुई है। उसने दो दिन पहले मोहल्ले के एक घर में घुसकर रुपये व मोबाइल फोन चुराए थे। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पहचान होने के बाद रविवार की सुबह सोनू को गिरफ्तार किया गया।
कैंट पुलिस ने मंदिर के दानपात्र से रुपये चुराने वाली महिला को रविवार की सुबह गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी के 38800 रुपये बरामद किए गए। प्रभारी निरीक्षक थाना कैंट रणधीर मिश्रा ने बताया कि 27 अक्तूबर की रात को बिलंदपुर काली मंदिर के दानपात्र का ताला तोड़कर महिला ने रुपये चुरा लिए। उसकी करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में गांवों की ओर दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, इन रूटों पर सफर होगा आसान
फुटेज के जरिए पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि काशीराम आवास में रहने वाली सपना ने वारदात को अंजाम दिया है। कुछ दिन पहले ही वह जेल से छूटी थी। रविवार की सुबह पैडलेगंज चौकी प्रभारी ने महिला को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर दानपात्र से चोरी हुए 38,800 रुपये बरामद कर लिए। खोराबार पुलिस ने चोरी के एक आरोप में एक नाबालिग समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरेापी की पहचान एम्स इलाके के नवलपुरवा निवासी विकास भारती के रूप में हुई है। उसके पास से चोरी के दो मोटर पंप बरामद किए गए हैं।