पुलिस थाने पर जुटी ग्रामीणों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला।
देवरिया जिले के कस्बे में विवादित दुकान के लिए मंगलवार को फिर मारपीट हो गई। आरोप है कि पुलिस ने दो दिन पहले दुकान बंद कराई थी और मंगलवार को उसे फिर खुलवाया जाने लगा। पीड़ित पक्ष ने मना किया तो दूसरे पक्ष ने लोहे की रॉड व सबल से प्रहार कर चार महिलाओं समेत पांच लोगों को जख्मी कर दिया। पीड़ित पक्ष से बड़ी संख्या में गांववाले थाने पहुंचे और विरोध जताया। पुलिस पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना के बाद काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा।
खुखुंदू गांव के सीताराम पटेल की कस्बे में दुकानें हैं। इसमें कुछ हिस्सा बिक चुका है। जबकि बची दुकान पर लंबे समय से विवाद चल रहा है। दो दिन पहले भी विवाद हुआ था। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर विवादित दुकान के शटर में ताला लगवा दिया था।
आरोप है कि मंगलवार को फिर पुलिस दोनों पक्षों को थाने बुलाई और एसओ के गैरमौजूदगी में ताला खोलने का निर्देश दे दिया। इसके बाद मामला गरम हो गया। आरोप है कि लोहे की राड, सबल और डंडे से प्रहार कर उर्मिला देवी पत्नी सीताराम, शीला देवी, सुगांति देवी, कृष्णावती देवी और गुलशन पटेल जख्मी कर दिया गया।