गोरखपुर जिले में खजनी उपकेंद्र के उनवल बिजली घर का इनकमिंग पैनल में मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे आग लगने से ब्लास्ट हो गया। इससे करीब आठ हजार से अधिक घरों की बिजली गुल रही। सोमवार को भी उपकेंद्र एसएस से जुड़े इलाकों में आपूर्ति की दिक्कत बनी हुई थी। शाम तकरीबन पांच बजे पैनल ठीक होने के बाद फिर रात में 9 बजे थोड़ी देर के लिए आपूर्ति में दिक्कत हो गई थी।
दरअसल, उनवल उपकेंद्र में सोमवार को भी कुछ देर के लिए खराबी आई थी। अभियंताओं व कर्मचारियों ने इसे ठीक करा दिया था। मंगलवार सुबह अचानक इनकमिंग पैनल में धमाका के साथ आग लग गई। इससे आपूर्ति ठप हो गई।
इसे भी पढ़ें: सहालग की धूम से फिर जहरीली हुई गोरखपुर की हवा...घुटने रहा है दम
कर्मचारियों ने आग बुझा दी, लेकिन बिजली आपूर्ति नहीं शुरू हो सकी। ग्रामीण वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता सोमदत्त शर्मा ने बताया कि शाम को आपूर्ति बहाल करा दी गई थी।
दो दिन पहले इसी उपकेंद्र के जेई को ओटीएस में लापरवाही करने में मुख्य अभियंता ने निलंबित कर दिया था। इस समय ग्रामीण वितरण मंडल द्वितीय में तैनात अवर अभियंता राजेश कनौजिया को उनवल उपकेंद्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है।