उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में बुधवार को वार्ड नंबर-14 में मां के इलाज के लिए पहुंचे युवक को डॉक्टरों ने पीट दिया। युवक का आरोप है कि डॉक्टरों ने उसकी मां को नहीं देखा, जिससे इलाज के अभाव में उनकी मौत हो गई। युवक ने मामले की शिकायत सीएम और स्वास्थ्य मंत्री से करने की बात कही है।
जानकारी के मुताबिक, सुमित उर्फ रोहित निवासी मुठही कला, घनघटा, संतकबीरनगर की मां सीता देवी (65) को बुधवार सुबह हार्ट अटैक आया था। इसके बाद रोहित उन्हें संतकबीरनगर के एक निजी अस्पताल लेकर गया, जहां पर डॉक्टरों ने तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
रोहित अपनी मां को लेकर मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने 14 नंबर वार्ड में जाने की बात कही। 14 नंबर वार्ड में पहुंचने के बाद उसने डॉक्टर से मां को देखने का निवेदन किया। रोहित ने बताया कि डॉक्टर ने 15 मिनट में वार्ड में पहुंचकर मरीज को देखने की बात कही।
रोहित का आरोप है कि जब आधे घंटे बाद भी डाक्टर मां को देखने नहीं आए तो वह दोबारा डाक्टर के पास गया। इस बार डाक्टर उसे अपशब्द कहने लगे। विरोध करने पर डॉक्टर ने उसकी पिटाई कर दी। साथ ही वहां मौजूद कर्मियों ने भी उसकी पिटाई की। इस बीच वार्ड में बिना इलाज के ही रोहित की मां की मौत हो गई।
इस संबंध में वार्ड के चिकित्सक और कर्मियों का पक्ष नहीं मिल सका है। जब भी उनका पक्ष आएगा, उसे प्रकाशित किया जाएगा।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि मारपीट के मामले की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा हुआ है तो बेहद गंभीर है। मामले की जांच कराई जाएगी। देखा जाएगा कि आखिर हुआ क्या था? जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।