पुलिस और स्वास्थ्य कर्मियों में नोकझोंक की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के खोराबार इलाके के लालपुर टीकर गांव में हत्या के पांच आरोपियों का मुलाहिजा कराने खोराबार पीएचसी (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) पहुंचे पुलिस कर्मियों का स्वास्थ्य कर्मियों से विवाद हो गया। आरोप है कि फार्मासिस्ट ने चोट के निशान गिनने में समय लगने की बात कही, जिस पर भड़के पुलिस वालों ने उसको गाली दे दी। बीच बचाव में आई महिला डॉक्टर से भी अभद्रता की।
नाजाज होकर स्वास्थ्य कर्मियों ने कामकाज ठप कर दिया। सूचना पाते ही एडिशनल सीएमओ डॉ. नंदकुमार स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए और समझा-बुझाकर कामकाज शुरू कराया। उधर, मुलाहिजा ना होने की वजह से पांचों आरोपियों को पुलिस लेकर थाने लौट गई। यह पूरी घटना स्वास्थ्य केंद्र पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
स्वास्थ्य कर्मी इसी के आधार पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद देर रात पांचों आरोपियों का खोराबार पीएचसी पर मुलाहिजा हो सका।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस हत्या के मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों को लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। यहां पर फार्मासिस्ट आनंद प्रकाश सैनी की ड्यूटी थी। बताया जा रहा है कि वह कुछ काम से कहीं गए थे। फिर आए तो बोले कि मुलाहिजा करने में समय लगता है, चेट के निशान गिनने पड़ते हैं। इसी बात पर पुलिस कर्मी नाराज हो गए। बहस होने पर महिला डॉक्टर पहुंची। आरोप है कि उनके साथ भी बदसलूकी की गई।