गोरखपुर जिले के गोला थानाक्षेत्र के बाड़ी तरया में शनिवार की दोपहर रिटायर्ड सैनिक पर पीछे से फावड़े से हमला कर दिया गया। सिर पर गंभीर घाव होने की जानकारी पीड़ित ने थाने में दी। सूचना पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, लेकिन महज शांतिभंग में ही उसका चालान कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, तहरीर में बाड़ी तरया निवासी रिटायर्ड सैनिक भूपेंद्र नारायण सिंह ने लिखा है कि वह अपने भाई अशोक सिंह के साथ गांव के जितेंद्र सिंह के यहां बैठे थे। तभी गांव का मनबढ़ व्यक्ति इंद्रजीत सिंह पीछे से आया और सिर पर फावड़े से प्राणघातक हमला कर दिया।
बचाव करने आगे बढ़े भाई अशोक सिंह पर भी आरोपी ने फावड़े से हमला कर दिया। पीठ पर चोट आने से वह वहीं गिर पड़े। जबतक गांव के लोग एकत्र हुए आरोपी वहां से भाग निकला। गांव के लोगों ने बाद में उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
घायलों को प्राइवेट नर्सिंग होम में इलाज के बाद परिजन थाने पर ले आए। आरोप लगाया कि तीन से चार घंटे तक बैठाए रखने के बाद भी पुलिस ने मेडिकल कराने की जहमत नहीं उठाई। वहीं आरोपी का केवल शांतिभंग में चालान किया।
कोतवाल की अनुपस्थिति में एसआई जयराम यादव ने बताया कि थाने पर पीड़ित थाने में नहीं आए थे। तहरीर किसी से भेजी गई है। घायलों के न आने की वजह से मेडिकल नहीं कराया जा सका है।