विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन स्टेडियम परिसर में आठ लेन का सिंथेटिक एथलीट ट्रैक तैयार करने का प्रस्ताव बना है। इसकी लागत 9.12 करोड़ रुपये आएगी। यह ट्रैक 400 मीटर का होगा।
रात में भी हो सकेगा हॉकी का मैच
हॉकी के लिए एस्ट्रोटर्फ का मैदान बनेगा, चारों तरफ रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। ताकि रात में भी हॉकी के मैच खेले जा सकें। यह मैदान क्रीड़ा संकुल भवन के पास बनेगा। इसके लिए 8.46 करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
50 गुणा 25 मीटर में होगा स्वीमिंग पूल
दीक्षा भवन के सामने खेल मैदान में स्वीमिंग पूल तैयार करने की योजना है। 50 गुणा 25 मीटर के क्षेत्रफल में स्वीमिंग पूल तैयार होगा। इसमें कई लेन बनेंगे ताकि खिलाड़ी अपनी तैराकी कर सकें। यही नहीं, बाहरी लोगों को भी कुछ शुल्क लेकर तैराकी सिखाई जाएगी। स्वीमिंग पूल के लिए 5.50 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है।
स्वीमिंग पुल के पास ही 9.61 करोड़ की लागत से बहुउद्देशीय भवन बनेगा। जिसमें बैडमिंटन, जूडो, वॉलीबॉल, कुश्ती, हैंडबॉल, कबड्डी आदि के लिए अलग-अलग कोर्ट और ग्राउंड बनेंगे।
गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश सिंह ने बताया कि हमारी कोशिश है कि क्षेत्र के खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। ताकि अच्छे खिलाड़ी यहां से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाएं। युवा एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की खेलो इंडिया योजना के तहत 32.7 करोड़ के चार प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेज दिए गए हैं। उम्मीद है कि राज्य सरकार की संस्तुति पर केंद्र सरकार से बजट जारी हो जाएगा।