उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में रात्रि कर्फ्यू का पालन कराने दौरान व्यापारी परिवार पर लाठियां चटकाने वाले परशुरामपुर थाने के दारोगा व सिपाही को एसपी आशीष श्रीवास्तव ने शनिवार को लाइल हाजिर कर दिया। एसपी ने यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक की रिपोर्ट पर की है। शुक्रवार देर रात अपर पुलिस अधीक्षक के मौके पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा शांत हुआ था।
परशुरामपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर कस्बा में गंगा प्रसाद के घर में उनकी दुकान भी है। शुक्रवार की देर रात वह अपनी दुकान के बाहर पत्नी राधा देवी व बेटे श्याम बाबू के साथ खड़े थे, तभी पुलिस वाले पहुंचे और उन्हें घर के भीतर जाने की बात कहते हुए लाठियां भांजने लगे। जिसमें तीनों को काफी चोटें आईं।
कोरोना काल में एक तरफ जब लोग स्वयं ही डर के माहौल में जी रहे हैं, उसमें पुलिस का यह रूप देखकर आक्रोशित हो गए और कस्बे में ही सड़क पर धरने पर बैठ गए। मामला एसपी आशीष श्रीवास्तव के संज्ञान में आया तो उन्होंने अपर पुलिस अधीक्षकि दीपेंद्र कुमार को मौके पर भेजा।
एएसपी के समझाने के बाद स्थानीय नागरिकों का गुस्सा शांत हुआ। वहीं एसपी ने मामले में परशुरामपुर थाने के दारोगा कन्हैया पांडेय तथा सिपाही हरेंद्र कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है।